
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ शहर में भी अब मालरोड की तर्ज पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी, जिससे लोगों को बाजार में घूमने व खरीददारी करने में परेशानियों का सामना न करना पड़े। इसके लिए उपमंडल प्रशासन ने कवायद आरंभ कर दी है। सुबह दो घंटे और शाम को दो घंटे के लिए ट्रैफिक बंद करने और डायवर्ट करने के लिए संभावनाएं तलाशी। वहीं शहर में चल रही वन वे ट्रैफिक मुहिम को भी कारगर ढंग से लागू करने पर भी विचार हुआ। एसडीएम नालागढ़ यूनुस ने शनिवार को डीएसपी सुशील शर्मा, तहसीलदार आरडी हरनोट, नगर परिषद के सर्वेयर बलजीत राणा आदि सहित शहर का दौरा कर जायजा लिया और संभावनाएं तलाशी। एसडीएम ने ‘मेरा शहर मेरी पहचान’ अभियान के तहत शहर की अव्यवस्थाओं को सुधारने की योजना बनाई है, जिसे अमलीजामा पहनाया जा रहा है।
अतिक्रमणकारियों पर कसेगा शिकंजा
शहर की साफ सफाई व्यवस्था को चाक चौबंद बनाने और शहर की सड़कों पर कुंडली मार के बैठे अतिक्रमणकारियों को हटाया जाने बारे भी रणनीति बनाई गई। अवैध कब्जों के चलते शहर की सड़कें संकरी हो गई हैं, जिससे लोगों को बाजार में आवाजाही में भारी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। साफ सफाई दुरुस्त बनाने के लिए प्रशासन कड़ी कार्रवाई में है और शहर के सौंदर्यीकरण के लिए प्रशासन ने ठोस कदम उठाने शुरू कर दिए हैं, वहीं लावारिस पशुओं के लिए भी ठोस रणनीति बनाई जा रही है।
व्यवस्थाओं में लाया जाएगा सुधार
इस संबंध में एसडीएम यूनुस ने कहा कि शहर की व्यवस्थाओं को पटरी पर लाने के लिए पुरजोर प्रयास किया जा रहा है, जिसमें लोगों का सहयोग भी वांछनीय है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वह प्रशासन की इस मुहिम में साथ दें, जिससे शहर असल में शहर जैसा ही लगे।
