
बड़सर (हमीरपुर)। बड़सर उपमंडल क्षेत्र में लोगों को पांच और दस रुपये के स्टांप पेपर नहीं मिल रहे हैं। इससे लोगों को मंहगे दामों में स्टांप लेने के लिए बाध्य होना पड़ रहा है। लोगों को शपथ पत्र सहित अन्य कार्य के लिए स्टांप की आवश्यकता पड़ती है। इसमें कई शपथ पत्रों के लिए पांच और दस रुपये के स्टांप की जरूरत होती है, लेकिन पांच और दस रुपये स्टांप नहीं होने पर उन्हें 20 और 50 रुपये के स्टांप लेने पड़ रहे हैं। स्थानीय निवासी अशोक कुमार, संदीप कुमार, राजीव कुमार, संतोष कुमार, निशा कुमारी, राकेश कुमार, सुनीता कुमारी, अंजना कुमारी, सीता राम, रामदास, त्रिलोक चंद ने बताया कि उन्हें छोटे दामों दस और पांच रुपये के स्टांप पेपर नहीं मिल रहे हैं। इससे उन्हें मजबूरन मंहगे दामों के स्टांप लेने पड़े। विनोद कुमार, सतीश कुमार, राजीव कुमार, संजय कुमार, राकेश कुमार ने बताया कि कोषागार में पांच और दस रुपये के स्टांप उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने पांच व दस रुपयेके स्टांप मुहैया कराने की मांग की है। बड़सर कोषागार अधिकारी ठाकुर दास ने बताया कि कार्यालय में पांच और दस रुपये के स्टांप का स्टाक खत्म हो गया है। स्टाक आने पर स्टांप उपलब्ध करवा दिए जाएंगे।
