धोनी के बाइक के शौक से पुलिस परेशान

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी पिछले लगभग दो सप्ताह से आराम फरमा रहे हैं लेकिन इस दौरान बार बार उनके मोटरसाइकिल पर शहर के विभिन्न इलाकों में घूमने से स्थानीय पुलिस और प्रशासन के पसीने छूट रहे हैं।

ऐसे में उन्होंने उनसे अपने कार्यक्रम की सूचना पुलिस को देने का अनुरोध किया है। रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक साकेत कुमार सिंह ने बताया कि धोनी से अनुरोध किया गया है कि वह अपने कायक्रमों की पूर्व सूचना पुलिस को अवश्य दें जिससे उन्हें आवश्यक पुलिस सुरक्षा प्रदान की जा सके।

उन्होंने कहा, ‘‘धोनी को मोटरसाइकिल की सवारी करने से कोई नहीं रोकेगा और न ही उन्हें कहीं जाने से रोका-टोका जायेगा लेकिन उन्हें जहां भी जाना होगा वहां जाने का सुरक्षित इंतजाम तो अवश्य किया जायेगा। यह हमारा कत्र्तव्य है।’’ रांची में चैंपियंस लीग क्रिकेट का पहला टी-20 मैच 22 सितंबर को खेला जायेगा और उसमें टाइटंस के खिलाफ चेन्नई सुपरकिंग्स का नेतृत्व अपने गृह मैदान पर धोनी करेंगे।

Related posts