धर्मपुर की महिला का शव ब्यास नदी से मिला

देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। देहरा में ब्यास नदी किनारे एक महिला का शव पुलिस ने बरामद किया है। पुलिस ने शव की पहचान कर ली है तथा मामला दर्ज करके शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के अनुसार महिला की पहचान शारदा देवी (32) पत्नी पवन कुमार निवासी ननसाई (धर्मपुर) सरकाघाट, मंडी के तौर पर हुई है। महिला 14 अगस्त को ब्यास नदी किनारे बकरियां चराने गई थी। शाम तक बकरियां तो लौट आईं, पर शारदा का कोई पता नहीं चला। परिजनों को काफी खोजबीन के बाद निकटवर्ती थाना में उसके लापता होने का मामला दर्ज करवाया। वीरवार को देहरा में व्यास नदी किनारे एक मछुआरे ने महिला का शव देखकर पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और संबंधित थाने को महिला की शिनाख्त करने के लिए सूचित किया। परिजनों के पहुंचने पर महिला की शिनाख्त की गई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। डीएसपी देहरा रेणु कुमारी ने महिला का शव मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि महिला को शिनाख्त के बाद परिजनों को सौंप दिया है।

Related posts