दो साल से एक शिक्षक के सहारे स्कूल

गैहरा (चंबा)। गैहरा खंड की ग्राम पंचायत खुंदेल स्थित प्राइमरी स्कूल मल्ला दो सालों से एक शिक्षक के सहारे चला हुआ है। स्कूल में मौजूदा समय में लगभग 80 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। शिक्षकों की कमी के चलते इन बच्चों का भविष्य अधर में लटक गया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक स्कूल में तैनात एक शिक्षक का पूरा समय कागजी औपचारिकताएं पूर्ण करने में बीत जाता है। इससे बच्चों को उचित शिक्षा नहीं मिल रही है। शिक्षकों के रिक्त पदों का न भरे जाने से अभिभावकों में काफी रोष है। स्कूल प्रबंधन समिति का कहना है कि शिक्षकों की कमी के बारे में शिक्षा विभाग को पहले ही अवगत करवा दिया गया है। अभी तक शिक्षा विभाग की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है। अभिभावकों ने मजबूरन अपने बच्चों को दूसरे स्कूलों में दाखिल करना शुरू कर दिया है। स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मनी राम ठाकुर, पवन कुमार, राज कुमार, दुर्गो देवी, स्वर्णा देवी, बिमला देवी, दलीप कुमार ने बताया कि दो साल से स्कूल में एक ही शिक्षक तैनात है। कई बार एसएमसी प्रस्ताव पास करके शिक्षा विभाग के अधिकारियों को शिक्षकों की कमी के बारे में बता चुकी है। अभी तक शिक्षा विभाग ने कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई है। स्कूल प्रबंधन समिति और अभिभावकों ने शिक्षा विभाग और प्रदेश सरकार से मांग की है कि जल्द शिक्षकों के रिक्त पदों को भरा जाए।

Related posts