दो महीने से स्कूल के नलों से नहीं टपका पानी

चंबा। कल्हेल पंचायत के राजकीय प्राथमिक पाठशाला ढांड में विद्यार्थियों को पेयजल नहीं मिल रहा है। स्कूल में बिना पानी के मिड डे मील बनाने में स्कूल प्रबंधन को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय स्कूल प्रबंधन समिति व स्कूली बच्चों ने समस्या के संबंध में उपायुक्त संदीप कदम को मांग पत्र सौंपा। ग्रामीणों व स्कूली बच्चों ने बताया कि पिछले कई दिनों से स्कूल के नलों में पानी की बूंद नहीं टपक रहा है। स्कूल में अध्ययनरत 47 बच्चों को पानी पीने के लिए भटकना पड़ रहा है। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग समस्या का समाधान नहीं कर पाया है। स्कूल में मिड डे मील पकाने के लिए प्राप्त पानी नहीं मिल रहा है। पानी की विकट समस्या से क्षेत्र के अभिभावकों में प्रशासन के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने उपायुक्त समस्या के समक्ष निराशा जाहिर करते हुए कहा कि मांग के बावजूद भी स्कूल में पेयजल का कोई प्रबंध नहीं किया जा रहा है। नौनिहालों को पूरा दिन बिना पानी के बिताना पड़ रहा है। एसएमसी अध्यक्ष लालदीन, निजाम दीन, सरदारो, शुक्रदीन, समीना, ताजदीन, नातुल्ला, सवारदीन, दीन मुहम्मद, हनीफ, चुहडू, लतीफ, हनीफ, बशीर, रेशमु, मेहबूब, शुक्रदीन ग्रामीणों ने बताया कि पेयजल किल्लत से काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने उपायुक्त से जल्द समस्या के समाधान की मांग की है। इस मौके पर स्कूली विद्यार्थी शमीना बेगम, याकूब, रीना, रज्जाक मोहम्मद, जावेद खान, बीना, रेशमो, सलीम खान, सावर मोहम्मद, रजिया बेगम मौजूद रहे। एसएमसी अध्यक्ष लालदीन ने बताया कि स्कूल के नलों में दो माह से पानी नहीं आ रहा है। अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो मजबूरन ग्रामीणों को सड़कों पर उतरना पड़ेगा। उधर, उपायुक्त संदीप कदम ने इस संबंध में कहा कि समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा। उन्होंने आईपीएच विभाग के एससी को जल्द प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

Related posts