दो किलो चरस सहित दो गिरफ्तार

आनी (कुल्लू)। निरमंड के तहत आने वाले बूनुगाड उरटू में पुलिस ने दो व्यक्तियों से दो किलो चरस बरामद की है। पुलिस ने चरस को अपने कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक दो व्यक्ति सुरेंद्र कुमार और धर्मपाल निवासी दागशी, सोनीपत (हरियाणा) वीरवार सुबह आठ बजे उरटू की ओर से निरमंड की तरफ पैदल आ रहे थे। इसी दौरान पुलिस को देख कर ये लोग घबरा गए। पुलिस के दल में शामिल निरमंड थाना के एचएससी अमर सिंह, जीवानंद और आरक्षी रमेश चंद तथा चांद मिश्रा ने इन लोगों की तलाशी ली। इसी दौरान इन आरोपियों के बैग से पुलिस को दो किलो चरस बरामद हुई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस पता लगाने में जुटी है कि आरोपी कहां से चरस लेकर आए हैं और कहां ले जा रहे थे? इधर, डीएसपी आनी संजीव भाटिया ने बताया कि पुलिस चरस का काला कारोबार करने वालों पर कड़ी नजर रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि पकडे़ गए आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोषी किसी भी हाल में बख्शे नहीं जाएंगे।

Related posts