
चंडीगढ़
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि देश का कानून सर्वोपरि है। कानून मेरे या फिर किसी और के कहने से नहीं चलता। विज ने यह प्रतिक्रिया सिरसा में आंदोलनकारी किसानों पर दर्ज हुए एफआईआर व देशद्रोह के मामलों पर दी है।
गृह मंत्री ने कहा कि कुछ दिन पहले आंदोलनकारी किसानों ने हरियाणा के डिप्टी स्पीकर की कार पर हमला किया था। उसके बाद आरोपी किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी। इस मामले में किसानों को रिहा करने की मांग हो रही है।
अनिल विज ने कहा कि देश का कानून किसी के कहने, धरने या किसी की धमकियों से नहीं चलता है। कानून तो अपने ढंग से ही चलता है, इन बातों का कोई असर नहीं होता। विज ने कहा, कोरोना की तीसरी लहर को लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने चेतावनी जारी की है कि आने वाले 100 दिन खतरनाक हैं। ऐसे में सरकार ने अनलॉक के फैसलों व कोविड मानकों को सख्ती से लागू कराने के निर्देश सभी डीसी को दिए हैं।
कांग्रेस की अंतर्कलह पर ली चुटकी
गृह मंत्री ने कांग्रेस की अंतर्कलह पर एक बार फिर चुटकी ली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई लोगों के लिए एंटरटेनमेंट बन गई है। लोगों के सामने रोजाना कोई न कोई एपिसोड आते रहते हैं। इस पर कुछ अधिक टिप्पणी करना ठीक नहीं होगा।
