दिनदहाड़े महिला से लूटे 21 हजार

भगवानपुर। क्षेत्र में बदमाशों के हौसले पूरी तरह से बुलंद हैं। बदमाशों ने बुधवार दिनदहाड़े भगवानपुर थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर एक महिला से 21 हजार रुपये लूट लिये। हद तो उस समय हो गई जब पीड़ित महिला थाने पहुंची और पुलिस ने उसकी बात सुनने के बजाए उसे वहां से भगा दिया।
उत्तर प्रदेश के चौराखुद गांव निवासी एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्री सुरेखा भगवानपुर स्थित डाकखाने में 21 हजार रुपये जमा कराने के लिए जा रही थी। गागलहेड़ी तिराहे पर टेंपो से उतरने पर वह डाकखाने की ओर जाने लगी। जैसे ही वह कुछ दूर चली तो पीछे से आए दो बदमाशों ने महिला को धक्का देते हुए उससे थैला छीन लिया। थैले में महिला के रुपये रखे थे। महिला ने शोर भी मचाया लेकिन तब तक दोनों बदमाश वहां से फरार हो चुके थे। इसके बाद पीड़ित महिला थाने पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराने का प्रयास किया पर पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी। महिला का आरोप है कि पुलिस ने उसकी बात को झूठ बताते हुए उसकी एक नहीं सुनी। इसके बाद महिला डाकखाने पहुंची और लोगों को आपबीती बताई। महिला ने घटना की तहरीर दी है। थानाध्यक्ष चंदन सिंह चौहान का कहना है कि बदमाशों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। यदि थाने में किसी पुलिसकर्मी ने महिला की शिकायत सुनने में किसी भी तरह की कोई लापरवाही बरती तो वह जांच कर उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।

Related posts