दम है तो आज लगाइए दौड़

हमीरपुर। 13 से 15 वर्ष आयु वर्ग में लड़केे और लड़कियों के लिए 3000 मीटर तथा 16 से 19 वर्ष आयु वर्ग में 5000 मीटर की जिला स्तरीय दौड़ आज होगी। आज 11 बजे सिंथेटिक ट्रैक अणु (हमीरपुर) में दौड़ होगी। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता नरेंद्र पाल सिंह होंगे।
जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी वेद प्रकाश उपाध्याय ने बताया कि जिला स्तरीय लंबी, मध्यम दूरी की दौड़ में निर्धारित आयु वर्ग का कोई भी पात्र धावक भाग ले सकता है। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले धावकों को आवागमन का किराया स्वयं वहन करना होगा। 3000 मीटर की दौड़ में भाग लेने वाले प्रत्येक वर्ग के धावक को प्रथम इनाम 6000 रुपये, द्वितीय 5000 रुपये और तृतीय 4000 रुपये और 5000 मीटर की दौड़ में भाग लेने वाले प्रत्येक वर्ग के धावक को प्रथम स्थान पाने पर 6000 रुपये, द्वितीय 5000 रुपये, तृतीय 4000 रुपये की नगद ईनाम राशि से सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए धावक को विद्यालय की ओर से जारी फोटो पहचान पत्र या आयु प्रमाण-पत्र साथ लाना होगा। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान अर्जित करने वाले धावकों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिला हमीरपुर का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का वास्तविक बस किराया और दैनिक भत्ता विभाग की ओर से देय होगा।

Related posts