
बद्दी (सोलन)। बद्दी-पिंजोर मार्ग पर भुड्ड बैरियर के समीप एक महिला कामगार को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। महिला का सिर ट्रक के टायर की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई है। हादसे के वक्त महिला का पति राहुल भी उसके साथ था। ट्रक चालक अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से भाग गया। राहुल ट्रक का नंबर भी नहीं पहचान सका। मृतक महिला कविता उत्तर प्रदेश के जिला मुज्जफरपुर, तहसील संबल, गांव बाडथल की रहने वाली थी।
पुलिस के अनुसार यूपी निवासी राहुल (21) और कविता (20) भुड्ड गांव स्थित दो अलग-अलग फैक्टरियों में कार्यरत थे। शनिवार देर सांय फैक्टरी से अवकाश के बाद दोनों भुडड् स्थित अपने क्वार्टर जा रहे थे। भुड्ड के समीप बद्दी की ओर से आ रहे एक ट्रक की चपेट में कविता आ गई। टैंकर के टायर के नीचे महिला का सिर आने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
टैंकर का चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया। एसपी अरूल कुमार ने बताया कि चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। शीघ्र ही चालक को पकड़ लिया जाएगा।
एक अन्य मामले में किशनपुरा के समीप एक बाइक सवार ने एक राहगीर को टक्कर मार दी। राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया है। बाइक सवार घटना के बाद मौके से फरार हो गया। किशनपुरा निवासी कमल कुमार ने बताया कि हादसे में प्रवासी कामगार सिया राम जख्मी हुआ है। पलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
