
बद्दी (सोलन)। बरोटीवाला थाने के तहत आने वाले धार बलियाला गांव की एक महिला की पीजीआई में मौत हो गई। महिला चार दिन पूर्व आग लगने से झुलस गई थी। महिला ने पुलिस को दिए बयान में स्टोव फटने की बात कही थी लेकिन अब पिता रामदास ने अपने दामाद को बेटी की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
रामदास ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि उसके दामाद के एक अन्य महिला के साथ अवैध संबंध थे जिसका जिक्र उसकी बेटी ने कई बार उससे किया। इससे तंग आकर उसकी बेटी ने खुद को आग लगा ली थी। उसकी बेटी मानसिक प्रताड़ना का शिकार हुई है।
पुलिस के अनुसार नालका पंचायत के घरेड़ की युवती राजकुमारी का धार बलियाला गांव के चरणदास के साथ विवाह हुआ था। विवाह के बाद दोनों को एक बेटा व बेटी हुई। पिछले तीन वर्षों से चरणदास के अवैध संबंध किसी अन्य महिला से हो गए जिससे उनके घर में रोज झगड़े होने लगे। चार दिन पूर्व महिला आग से झुलस गई। महिला ने पुलिस व उसके पिता के सामने बयान दिया कि स्टोव फटने से घटना हुई। महिला की हालत नाजुक होने पर उसे पीजीआई पहुंचाया गया जहां पर उसने रविवार सुबह चार बजे अंतिम सांस ली।
एसपी अरुल कुमार ने बताया कि महिला का चंडीगढ़ में पोस्टमार्टम के बाद शव पिता को सौंप दिया है। मृतक युवती के पिता के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
