
तीसा (चंबा)। उपमंडल तीसा में निर्धारित मूल्य से अधिक रेट पर खाद बेचने पर ग्रामीणों में रोष है। स्थानीय ग्रामीणों ने हिमफेड के इंचार्ज के पास इस संबंध में शिकायत की है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि हिमफेड ने तीसा की भराड़ा पंचायत के लिए 80 बैग खाद के भेजे थे। उनका आरोप है कि खाद के ये बैग दूसरी पंचायतों में मनमाने दामों पर बेच दिए गए हैं।
ग्रामीणों रेशम सिंह, केसु, लाल चंद, परसराम, प्यार मोहम्मद, हीरा, निहाल सिंह, ठाकुर दास, दीवान सिंह, खेती राम ने बताया कि भराड़ा पंचायत में करीब 15 बैग ही खाद के पहुंचे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि हिमफेड द्वारा निर्धारित रेट पर खाद नहीं दी गई है। उन्होंने बताया कि हिमफेड ने एक खाद के बैग की कीमत 261 रुपये निर्धारित की है। उन्होंने बताया भराड़ा पंचायत के खाद के बैग थल्ली, गडफरी और लेशमी पंचायतों में मनमर्जी से किसानों को बेचे गए हैं। भराड़ा, थल्ली, गडफरी और लेशमी पंचायतों में 350-400 रुपये के बीच खाद के बैग ग्रामीणों को बेचे गए हैं। ग्रामीणों ने हिमफेड के इंचार्ज से मांग की है कि मामले की छानबीन की जाए और दोषी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।
उधर, हिमफेड के इंचार्ज प्रह्लाद ने बताया कि इस संदर्भ में शिकायत मिली है। भराड़ा पंचायत के ग्रामीण उनके पास आए थे। इस संबंध में जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। मामले की छानबीन के बाद उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
