गरोला के आधा दर्जन गांव सड़क सुविधा से वंचित

भरमौर (चंबा)। उपमंडल भरमौर की ग्राम पंचायत गरोला के आधा दर्जन गांवों के बाशिंदे आज भी सड़क सुविधा से वंचित हैं। इस कारण उन्हें काफी दिक्कतें पेश आ रही है। सड़क न होने के कारण स्थानीय वाशिंदों को बस पकड़ने के लिए दो किलोमीटर का पैदल सफर तय करना पड़ रहा है। एक दशक से सवाई, ककरी, वासदा, रैला, टिल्ली के बाशिंदे सरकार से सवाई से ककरी तक सड़क बनाने की मांग कर रहे हैं लेकिन आज तक उनकी मांग को पूरा नहीं किया गया। इस कारण लोगों को आज भी रोजमर्रा का सामान पीठ पर लादकर घर पहुंचाना पड़ता है।
इसके अलावा सेब व अन्य नकदी फसलों को मार्केट तक पहुंचाने में कमाई का आधा हिस्सा भाड़े में खर्च हो जाता है। सड़क न होने के कारण मरीजों को पालकी में बिठाकर अस्पताल पहुंचाना पड़ता है। सूत्रों की मानें तो सवाई-ककरी पांच किलोमीटर सड़क को प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में डाला गया है लेकिन अभी तक इस सड़क का काम शुरू नहीं हो पाया है। ग्रामीणों द्वारा बार-बार मांग करने पर भी आश्वासन के अलावा उन्हें कुछ नहीं मिला।
स्थानीय निवासी किशोरी लाल, प्रीतम, सुनील, संसार चंद, भागी राम, दौलत, सोभा, कंचन, बेबी, सुनीता और चंचलो ने लोक निर्माण विभाग व वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी से मांग की है कि उनके गांव को सड़क सुविधा से जोड़ा जाए। इस संदर्भ में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अरविंद भारद्वाज ने बताया कि जल्द सड़क के लिए टेंडर आमंत्रित किए जा रहे हैं। इसके बाद सड़क का काम शुरू कर दिया जाएगा।

Related posts