तीसा में खनन माफिया बेलगाम

तीसा (चंबा)। उपमंडल तीसा में सड़क के किनारे अवैध खनन हो रहा है। खनन माफिया धड़ल्ले से सड़क के किनारे से पत्थर निकाल रहे हैं और यहां पर रेत व बजरी के ढेर भी लगाए हैं, लेकिन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। इस कारण खनन माफिया के हौंसले बुलंद हो चुके हैं। उपमंडल के भंजराडू बैरागढ़ मार्ग पर शुक्राली, सत्यास और ढांजू के पास खनन माफियाओं ने सड़क किनारे जगह-जगह पत्थर निकाल रखे हैं। इसके अलावा कई जगहों पर अस्थायी दुकानें बनाकर अवैध रूप से कब्जा किया है। उधर, नकरोड़ भराड़ा मार्ग, नकरोड़-चांजू मार्ग पर भी सड़कों के किनारे खनन माफियाओं ने पत्थरों के ढेर लगा रखे हैं। कई जगह दुकानों के आगे ईंट, रेत और बजरी के ढेर लगा रखे हैं। भंजराडू सनवाल मार्ग पर शनेड नाले के पास हर रोज धड़ाधड़ पत्थर निकाले जा रहे हैं। इसके अलावा झज्जाकोठी और देहग्रां मार्ग पर भी अवैध खनन बेलगाम हो गया है, लेकिन स्थानीय प्रशासन व लोक निर्माण विभाग की ओर से कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई जा रही है। इस अवैध खनन से जहां वाहनों की आवाजाही में दिक्कतें पेश आ रही है, वहीं भूस्खलन का भी खतरा बढ़ गया है। इसके अलावा सड़क किनारे रहने वाले वाशिंदों के घरों को भी खतरा है। स्थानीय निवासी भागी राम, देस राज, चतरो राम, केसरू राम, कर्मू, हेम राज, हिम्मत सिंह, चमन सिंह, प्रताप सिंह, रूप लाल और लेख राज और सुरेश ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सड़क के किनारे अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

नोटिस जारी किए
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सौरभ चौधरी ने बताया कि कुछ लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर सड़क किनारे रखी सामग्री नहीं हटाई, तो विभाग अपने कब्जे में ले लेगा। इसके अलावा खनन माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related posts