
तीसा (चंबा)। तीसा उपमंडल के 64 डिपुओं में चीनी लेने के लिए आने वाले उपभोक्ताओं को बेरंग लौटना पड़ रहा है। तीसा के डिपुओं के लिए हर माह 538 क्विंटल चीनी की सप्लाई होती है। पिछले तीन महीनों में 1414 क्विंटल चीनी की सप्लाई होनी चाहिए थी, लेकिन इसकी एवज में महज 140 क्विंटल चीनी ही तीसा के डिपुओं में पहुंच पाई है। इस कारण तीसा की हजारों की आबादी परेशान है। हजारों उपभोक्ताओं को महंगे दामों पर चीनी खरीदने के लिए विवश होना पड़ रहा है। तीन माह में करीब 1474 क्विंटल चीनी की सप्लाई तीसा को नहीं हुई है। इसके चलते उपभोक्ताओं के साथ-साथ डिपो होल्डर काफी परेशान हैं। उपभोक्ता डिपो होल्डरों से बार-बार चीनी की सप्लाई देने का आग्रह करते हैं। ऐसे में समस्त डिपो होल्डर सप्लाई न आने की बात कह-कहकर थक गए हैं। यही नहीं तीसा में बीते माह के सरसों के तेल का पूरा कोटा नहीं पहुंचा है। तीसा के उपभोक्ताओं के लिए हर माह 28 हजार 21 लीटर सरसों के तेल की सप्लाई होती है। इसमें से अभी तक 6000 लीटर सरसों के तेल की सप्लाई हो पाई है। तेल की सप्लाई न पहुंचने से उपभोक्ताओं में हाहाकार मचा हुआ है। स्थानीय उपभोक्ताओं विनोद कुमार, राकेश ठाकुर, दिनेश कुमार, शरीफ मोहम्मद, अली, रफी, विकास, नरेण, चतरो राम ने प्रदेश सरकार के प्रति निराशा जाहिर करते हुए कहा कि खाद्य वस्तुओं की नियमित सप्लाई न होने से काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। उन्होंने सरकार व विभाग से मांग की है कि जल्द खाद्य वस्तुओं की सप्लाई की जाए।
डिपो होल्डर परेशान
डिपो होल्डर संघ तीसा के प्रधान बशीर मोहम्मद ने बताया कि चीनी व तेल की सप्लाई न पहुंचने से लोग काफी परेशान हैं। लोग तीसा के 64 डिपो होल्डरों को बार-बार तंग कर रहे हैं। उन्होंने संघ की ओर से विभाग व सरकार से मांग की है कि समय पर राशन की सप्लाई की जाए।
खाद्य आपूर्ति विभाग के जिला नियंत्रक आरके चड्ढा ने बताया कि चीनी की डिमांड विभाग को भेजी गई है। चीनी सप्लाई करने की प्रक्रिया चली हुई है। जल्द चीनी की सप्लाई कर दी जाएगी।
