कांगड़ा अस्पताल पहुंची एनआरएचएम टीम

कांगड़ा। भारत सरकार की ओर से एनआरएचएम योजनाओं की समीक्षा के लिए एनएनएचएम की टीम ने सिविल अस्पताल का निरीक्षण किया। यहां टीम ने भारत सरकार की ओर से शुरू की गई योजनाओं के बेहतर क्रियान्वन की जानकारियां जुटाईं। इसके साथ ही अस्पताल भवन में रेनोवेशन के साथ साथ लेबर रूम, ओटी और अन्य विभागों की समीक्षा की। मंगलवार दोपहर बाद पहुंची टीम ने वार्ड में जाकर मरीजों से उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में भी पूछा। अस्पताल में मिल रही सुविधाओं से क्या मरीज संतुष्ट है, इसके बारे में टीम ने करीब आधा दर्जन मरीजों से बातचीत की। अस्पताल के शौचालयों के साथ यहां की सफाई व्यवस्था की जानकारी भी ली। सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की टीम ने बारीकी से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान टीम के समक्ष अस्पताल प्रशासन ने पर्चियां बनाने के लिए स्टाफ की कमी बताई। वहीं, अस्पताल में औषध भंडारण के बारे में भी रिपोर्ट तैयार की गई। अस्पताल के एसएमओ डा. सतीश शर्मा ने कहा कि टीम ने अस्पताल में मौजूद सुविधाओं का निरीक्षण किया। इससे पहले टीम तियारा अस्पताल में निरीक्षण को पहुंची। यहां एनआरएचएम के अकाउंट के साथ-साथ आरकेएस के कार्यों की समीक्षा की गई। अस्पताल में उपलब्ध बैक्सीन की भी जानकारी ली। बैक्सीन रखने के लिए फ्रिज का तापमान भी नोट किया गया। टीम के समक्ष अस्पताल में स्टाफ की कमी के बारे में बताया गया। निरीक्षण के दौरान बीएमओ डा. दिनेश महाजन मौजूद रहे। इसके बाद टीम खोली सब सेंटर में निरीक्षण को पहुंची। यहां मौजूद फीमेल हेल्थ वर्कर से एनआरएचएम के तहत उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बारीकी से पूछा गया। साथ ही वर्कर से इंजेक्शन लगाने और एनआरएचएम की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली गई।

Related posts