
तीसा (चंबा)। सिविल अस्पताल तीसा में स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई हैं। अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण बिस्तर कम पड़ गए हैं। मौजूदा समय में एक बिस्तर पर दो से तीन मरीज लिटाए जा रहे हैं। सिविल अस्पताल में 30 बिस्तरों की व्यवस्था है जबकि यहां पर 70 से ज्यादा मरीज दाखिल हैं। इस कारण मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यही नहीं, अस्पताल में सफाई व्यवस्था का भी बुरा हाल है। मरीज सर्वण, मालती देवी, रूमती, चैन सिंह, भीखा राम, देस राज, परस राम, केसरी राम, दूनी चंद, लेख राज ने बताया कि बिस्तरों से बदबू आ रही है। वार्डों में गंदगी का आलम बना हुआ है। टायलेट में भी गंदगी फैली हुई है। इस कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से मांग की है कि अस्पताल में स्वास्थ्य और सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए। इस संदर्भ में डा. कपिल ने बताया कि अस्पताल का नया भवन बन गया है। अस्पताल को जल्द वहां शिफ्ट कर दिया जाएगा। मरीजों को पेश आ रही दिक्कतों का जल्द समाधान किया जाएगा।
