
सांगला (किन्नौर)। जिले के रूपी और तरांडा में रसोई गैस का संकट गहरा गया है। एक माह से यहां लोगों को गैस नहीं मिली है। इसके चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने गैस सिलेंडरों की जल्द आपूर्ति करने की मांग की है।
तरांडा और रूपी के लिए गैस आपूर्ति को हर महीने की 6 और 27 तारीख निर्धारित की गई है। लेकिन, संबंधित विभाग इन तिथियों में आपूर्ति नहीं कर पा रहा है। इस बार यहां एक माह से आपूर्ति ही नहीं हुई है। इसके चलते लोगों को मुश्किलें पेश आ रही हैं। गैस खत्म होने के कारण घर में खाना बनाना मुश्किल हो गया है। इधर, लकड़ी कटान पर पहले से ही प्रतिबंध है। ऐसे में लोगों को खाना बनाने के लिए हीटरों का भी सहारा लेना पड़ रहा है। रूपी पंचायत प्रधान रघुदास नेगी, तरांडा के छेरिंग नेगी, जय सिंह नेगी, राज कुमार नेगी, ईश्वर नेगी, सनम डोलमा नेगी, रेखा नेगी, डुलु देवी नेगी, धर्मपाल नेगी, ईश्वर सिंह नेगी, मुकेश कुमार नेगी, मानदासी नेगी, पाली देवी नेगी, चंद्रप्रभा नेगी, बनापति नेगी, जमना नेगी, नरेंद्र नेगी, रामा नेगी, आत्म प्रकाश नेगी, मनोहर नेगी, मोहर सिंह नेगी, गंगूराम नेगी, ललिता नेगी, ज्ञान देवी नेगी, अणुराज नेगी, विकास नेगी, रविकांत नेगी तथा मस्तान नेगी ने सिलेंडरों की आपूर्ति जल्द किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बिना गैस खाना बनाना मुश्किल हो रहा है। अगर समय पर आपूर्ति नहीं की गई तो ग्रामीणों को मजबूरन आंदोलन का रास्ता अख्तियार करना पड़ेगा।
इस बाबत किन्नौर के उपायुक्त कै. जेएम पठानिया ने कहा कि गैस की आपूर्ति क्यों नहीं हो रही है, इसके बारे में छानबीन की जाएगी।
