डाक विभाग में हर परिवार का खुलेगों खाता

चंबा। अब जिला के प्रत्येक परिवार का डाकघर में खाता खोला जाएगा। डाक विभाग ने लोगों को डाक सेवा से जोड़ने की मुहिम शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक डाक विभाग की ओर से जिला में एक लाख 10 हजार के करीब सेविंग खाते खोलने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत गांव-गांव में जाकर डाक विभाग के कर्मचारी लोगों के खाते खोलेंगे। विभाग की ओर से 10 रुपये से लेकर 10 लाख रुपये तक के खाते खोले जा रहे हैं।
ग्रामीण क्षेत्र के गरीब परिवारों को डाक विभाग से जोड़ने के लिए विभाग की ओर से समय-समय पर मेले का आयोजन किया जा रहा है। इन मेलों के माध्यम से लोगों को डाक विभाग की स्कीमों के बारे मे जानकारी प्रदान की जा रही है। विभाग ने पिछले एक महीने में जिला के विभिन्न डाकघर शाखाओं में 9300 के करीब सेविंग खाते खोले हैं। इसके अलावा लोगों की आरडी और बचत खाते भी खोले जा रहे हैं।
ग्रामीण डाक जीवन बीमा योजना के तहत इस वर्ष विभाग की ओर से 3700 के करीब लोगों का बीमा किया जाएगा। अभी तक विभाग ने 410 लोगों का बीमा कर लिया है। उल्लेखनीय है कि डाक विभाग की इस मुहिम से ग्रामीण क्षेत्र के गरीब लोगों को काफी फायदा मिलेगा। गरीब लोग 10 रुपये से लेकर 50 रुपये तक का खाता खोलकर पैसे की बचत कर सकेंगे।
उधर, डाक अधीक्षक रणजीत सिंह राणा ने बताया कि डाक विभाग की जिला भर के प्रत्येक परिवार को डाक विभाग से जोड़ने की योजना है। इसके लिए विभाग की ओर से हर परिवार के खाते खोले जा रहे हैं।

Related posts