
चंबा। कॉलेज के विद्यार्थियों को अब परीक्षा फार्म के लिए परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। चंबा के मुख्य डाकघर में विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा फार्म उपलब्ध करवा दिए हैं। बीए, बीकॉम, बीएससी के कंपार्टमेंट फार्म प्राप्त करने वाले विद्यार्थी परीक्षा फार्म डाकघर से प्राप्त कर सकते हैं। फार्म की कीमत विवि प्रशासन ने 280 रुपये निर्धारित की है। पिछले हफ्ते बीए तृतीय वर्ष के परीक्षा फार्म डाकघर में खत्म हो गए थे। इसके चलते विद्यार्थियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई विद्यार्थियों को औरों से विवि शिमला से परीक्षा फार्म मंगवाने पड़े। परीक्षा फार्म उपलब्ध करवाने के लिए छात्र संगठनों ने डाक विभाग का धन्यवाद व्यक्त किया है। एसफआई के हेमराज शर्मा, एबीवीपी के भुवनेश और एनएसयूआई के चंदन नरुला ने कहा कि विभाग छात्रों की मांग के मुताबिक फार्म उपलब्ध करवाए। इससे विद्यार्थियों को दिक्कतें पेश नहीं आएगी। डाकघर के अधीक्षक रणजीत सिंह राणा ने बताया कि परीक्षा फार्म डाकघर में पहुंच गए हैं। विद्यार्थी काउंटर से परीक्षा फार्म ले सकते हैं।
