जनऔषधि केंद्र को जल्द 4.89 लाख की दवाएं

चंबा। क्षेत्रीय अस्पताल के जनऔषधि केंद्र में जल्द जरूरी दवाएं उपलब्ध हो जाएंगी। मरीजों को अब महंगी दरों में दवाएं खरीदने के लिए बाजार के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। केंद्र में लगभग सभी प्रकार की दवाईयां उपलब्ध हो जाएंगी। जिला स्वास्थ्य विभाग ने जनऔषधि केंद्र के लिए चार लाख 89 हजार की दवाईयों की डिमांड इंडियन डग्र फार्मासिटिकल लिमिटेड (आईडीपीएल) को भेज दी है। दवाईयों की खेप जल्द चंबा पहुंचने की संभावना है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी और चिकित्सा अधीक्षक ने सप्लाई समय पर पहुंचाने के सख्त निर्देश दिए हैं। दवाईयों की खेप पहुंचने से जिला के मरीजों को महंगी दवाईयां खरीदने से निजात मिलेगी। वर्तमान में केंद्र में कुछ दवाएं मौजूद नहीं है। इसके चलते मरीजों को बाजार से महंगे दामों पर दवाईयां खरीदनी पड़ती हैं। इससे गरीब तबके के मरीजों की जेब पर भारी बोझ पड़ता है। केंद्र के इंचार्ज देवेंद्र कुमार ने बताया कि केंद्र में सस्ते दामों पर दवाईयां बेची जा रही हैं। मरीज केंद्र से सस्ते दाम पर गुणात्मक दवाईयां खरीद सकते हैं। चिकित्सा अधीक्षक डा. विनोद शर्मा ने बताया कि जनऔषधि केंद्र के लिए 4.89 लाख की दवाईयां मंगवाई गई हैं।

Related posts