ट्रेनों पर भी रहेगी पैनी नजर

ऊना। त्योहारी सीजन के चलते जिले में बाहरी प्रदेशों से आने वाले मिठाइयों के रॉ मैटीरियल को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अब यातायात के तमाम साधनों पर भी नजर रखने की योजना बनाई है, जिससे जिले में मिलावटी मिठाइयों के कारोबार पर लगाम कसने में कामयाबी मिल सके। इसके लिए प्रशासन और पुलिस विभाग को साथ लेकर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब से प्रदेश के कई हिस्सों में मिठाइयों और मिठाइयां बनाने के लिए कच्चे माल की सप्लाई ट्रेन के जरिये होती है, जबकि प्रदेश के बाहर जाने वाली निगम की बसों के जरिये भी माल हिमाचल में भेजा जाता है। हालांकि जिले में तीन वर्ष पहले लगभग 50 क्विंटल मिलावटी खोये की खेप को ट्रेन में ही बरामद कर लिया गया था। जबकि मैहतपुर स्थित बैरियर पर भी कई वाहनों में ऐसी मिठाइयों को कब्जे में लिया गया था। लेकिन उसके बाद से अभी तक ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। इन दिनों जिला के विभिन्न क्षेत्राें में फूड सेफ्टी अधिकारी की ओर से ताबड़तोड़ छापेमारियां कर मिलावटी मिठाइयों पर शिकंजा कसा जा रहा है। लेकिन अब बाहर से आने वाले माल पर भी पैनी निगाह रखी जाएगी।
जिला चिकित्सा अधिकारी डा. टीसी महंत ने बताया कि मिलावटी मिठाइयों पर हर हालत में शिकंजा कसा जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के साथ पूरी योजना तैयार कर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। डा. महंत ने कहा कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा।

Related posts