
आनी (कुल्लू)। यहां टैक्सी चालकों की मनमानी आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। नए बस अड्डे से लेकर किरण बाजार तक दोनों ओर टैक्सियां खड़े होने से आम लोगों के साथ-साथ एचआरटीसी चालकों को भी दिक्कत हो रही है। दोनों ओर टैक्सियां खड़ी होने से कई बार बसें रूट पर आधे से लेकर एक घंटा तक देरी से पहुंच रही हैं। इसके चलते नौकरीपेशा लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी परेशानी हो रही है। हालांकि, कई बार पुलिस से भी इन गाड़ियों को वहां से हटाने की मांग की गई लेकिन पुलिस की ओर से भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। अड्डा प्रभारी आनी तारा चंद वर्मा का कहना है कि बस अड्डे के गेट पर भी टैक्सियां खड़ी रहने से कई बार गाड़ियों को टक्कर लग गई है, जिसका चालकों ने हर्जाना भरा है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि यहां गाड़ियों को खड़ा न होने दिया जाए। नए बस अड्डे से किरण बाजार तक दोनाें ओर गाड़ियां खड़ी रहने के कारण बसाें को पास देने के लिए भी दिक्कत होती है। रूट पर भी बसें लेट हो रही हैं, जिसके चलते आम लोगों के साथ ही स्कूली बच्चों को भी परेशानी हो रही है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि इन टैक्सी चालकों के चालान काटे जाएं। थाना प्रभारी आनी रोहित मृगपुरी का कहना है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी
