टेक सिंह और जवाहर 13 तक पुलिस रिमांड

रामपुर बुशहर। सुमित्रा हत्या कांड के आरोपियों को पुलिस ने आज न्यायालय में पेश किया। जहां से पुलिस की पूछताछ शेष होने के चलते दोनों आरोपियों को न्यायालय ने 13 जनवरी तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। एक अन्य आरोपी पहले से ही पुलिस रिमांड पर चल रहा है। डीएसपी रामपुर आरपी जसवाल ने बताया की टेक सिंह कायथ और जवाहर को न्यायालय ने 13 जनवरी तक के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।
उल्लेखनीय है कि जमीन के एक टुकड़े को लेकर 26 दिसंबर को हुई मारपीट के बाद हैड इंजरी के चलते गत शुक्रवार को सुमित्रा की मौत हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने मारपीट के मामले को पहले गैर इरादतन में बदला फिर पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया था। इस आरोप में पुलिस ने टेक सिंह कायथ, जवाहर और राजा राम को गिरफ्तार किया है। मामले की एक महिला आरोपी ने न्यायालय से अग्रिम जमानत ले रखी है। इधर, पुलिस ने गुरुवार को टेक सिंह कायथ और जवाहर को कोर्ट में पेश किया। जहां पुलिस ने पूछताछ शेष होने के चलते न्यायालय से आरोपियों को फिर से पुलिस रिमांड पर भेजने की मांग की। इसके आधार पर न्यायालय ने दोनों आरोपियों को 13 जनवरी तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। राजाराम पहले ही 14 जनवरी तक के पुलिस रिमांड पर चल रहा है। इधर, पुलिस आरोपियों से पता लगाने में जुटी है कि इस मामले में उनके साथ और कौन-कौन था।

Related posts