
चंबा। हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड की ओर से ली गई कला अध्यापक पात्रता परीक्षा में बैठे परीक्षार्थियों ने इसमें त्रुटियां गिनाई हैं। परीक्षा की आंसर की देखकर अभ्यार्थियों के होश उड़ गए। स्थानीय परीक्षार्थियों के मुताबिक 29 सितंबर को ली गई आर्ट्स की टेट परीक्षा क ी सी सीरिज में लगभग सात प्रश्न के आंसर गलत दर्शाए गए। इसके अलावा बी सीरिज में भी कई त्रुटियां पाई गईं। महेंद्र सिंह भारद्वाज, तिलक ठाकुर, बाल कृष्ण, तारा चंद, कर्म सिंह, राम लोक, शेर चंद, राम चंद, संगीता कुमारी और निर्मला कुमारी ने बताया कि बी सीरिज में पूछे गए प्रश्न नंबर 14 का सही उतर सी है, जबकि आंसर की में इसका सही उत्तर ए दर्शाया गया है, जो गलत है। इसके अलावा प्रश्न नंबर 20, 34 और 72 के लिए दिए गए विकल्प में से कोई भी विकल्प सही नहीं है। परीक्षा के दौरान पूछे गए प्रश्न नंबर 39 का सही उतर बी होना चाहिए, जबकि आंसर की में सही उतर ए दर्शाया गया है। उन्होंने बताया कि प्रश्न नंबर 96 के लिए दिए गए विकल्पों में से दो विकल्प बी और सी सही हैं। प्रश्न नंबर 123 का सही उत्तर बी ऑप्शन है, जबकि आंसर की में इसका सही उत्तर ए दर्शाया गया है। बी सीरिज के 57 और 71 नंबर प्रश्न के लिए दो विकल्प सही दर्शाए गए हैं। इसके अलावा प्रश्न नंबर 149 का सही उत्तर ए है और आंसर की में इसे डी दर्शाया गया है। प्रश्न पत्र में इस प्रकार की गलतियां होने से अभ्यार्थियों ने शिक्षा बोर्ड की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। परीक्षार्थियों ने बोर्ड सचिव से मांग की है कि सभी परीक्षार्थियों के लिए बोनस अंक दिए जाएं। इसके अलावा जिन आंसर की में जिन प्रश्नों में त्रुटियां पाई गई हैं, उन्हें ठीक किया जाए। उधर, बोर्ड सचिव राखी काहलो ने बताया कि परीक्षार्थियों की प्रतिक्रिया मिल रही है। उन्होंने कहा कि परीक्षा में पाई गई त्रुटियाें को ठीक किया जाएगा।
