
चंबा। चंबा के पुलिस मैदान बारगाह में आयोजित की जा रही चंबा-कांगड़ा के युवाओं की खुली भर्ती दस अक्तूबर तक चलेगी। छह अक्तूबर रविवार को जिला कांगड़ा की छह तहसीलों के युवाओं के लिए सोल्जर सामान्य ड्यूटी की भर्ती होगी। सेना कार्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक छह अक्तूबर को जिला कांगड़ा के जयसिंहपुर, पालमपुर, धीरा, थुरल, खुंडियां, बैजनाथ, मुलथान के उम्मीदवार भर्ती दे सकते हैं। सात अक्तूबर को जिला चंबा की समस्त तहसीलों के युवाओं के लिए सोल्जर सामान्य ड्यूटी की भर्ती का आयोजन होगा। जिला के युवाओं को सोल्जर सामान्य ड्यूटी की भर्ती देने के लिए एक दिन तय किया गया है। आठ अक्तूबर को जिला कांगड़ा के युवाओं के लिए सोल्जर क्लर्क या एसकेटी की भर्ती ली जाएगी। नौ अक्तूबर को जिला चंबा के युवा सोल्जर क्लर्क व एसकेटी के लिए भर्ती दे सकते हैं। 10 अक्तूबर को डाक्टरी जांच के लिए अतिरिक्त दिन रखा है। सोल्जर सामन्य ड्यूटी के लिए उम्मीदवार की ऊंचाई 166 से.मी., वजन 48 किलोग्राम, सीना 77-82 से.मी. के बीच होना जरूरी है। इसके लिए योग्यता दसवीं पास रखी गई है। क्लर्क पद के लिए उम्मीदवार की आयु सीमा साढ़े 17 वर्ष से 23 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
इंसेट ……..
क्लर्क पद के लिए यह योग्यता है जरूरी
उम्मीदवार 12वीं कक्षा 50 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण हो तथा प्रत्येक विषय में 40 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है। इसके अलावा उम्मीदवार 10वीं या 12वीं कक्षा में अंग्रेजी और गणित या एकाउंटैसी या बुक कीपिंग विषयों के साथ पढ़ा हो और इन विषयों में 10वीं या 12वीं में 40 प्रतिशत अंकों के साथ पास हो। यदि उम्मीदवार ने बीएससी स्नातक अंग्रेजी और गणित के साथ पास किया है तो 10वीं या 12वीं में 40 प्रतिशत अंक आवश्यक नहीं हैं। जो उम्मीदवार 12वीं में ग्रेड प्रणाली के अनुसार उत्तीर्ण हुआ है। उसे सभी विषयों के कुल योग में 50 प्रतिशत अर्थात सी-2 ग्रेड और ग्रेड प्वाइंट पांच होना अनिवार्य हैं
