झूठ बोलने से नहीं मिलते वोट: मुकेश

हरोली (ऊना)। उद्योगमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा को लगता है झूठ बोलकर और लोगों को मूर्ख बनाकर वोट मिलते हैं। अब जनता भाजपा नेताओं के झांसे में नहीं आने वाली है। अग्निहोत्री रविवार को हरोली में चुनावी सभा में बोल रहे थे।
धूमल और अनुराग पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपाई कांग्रेस की उपलब्धियों को लेकर ढिंढोरा पीट रहे हैं कि यह भाजपा के समय में स्वीकृत हुए कार्य हैं। यदि भाजपा के समय में स्वीकृति के कोई दस्तावेज भाजपाइयों के पास हैं तो जनता को दिखाएं। अनुराग ठाकुर ने भी अपनी उपलब्धियों को लेकर होर्डिंग्स लगा रखे हैं। होर्डिंग्स में शत प्रतिशत सांसद निधि खर्च किए जाने का दावा किया गया है। होर्डिंग्स लोगों को गुमराह कर रहे हैं। वास्तव में अनुराग ठाकुर दुबई और मुंबई में व्यस्त रहे, ज्यादा समय क्रिकेट को दिया। अनुराग सांसद निधि के 5.90 करोड़ रुपये भी खर्च न सके। यह राशि लैप्स हो गई। इस राशि से कई विकास कार्य हो सकते थे। अनुराग के पास इस राशि को खर्च करने के लिए और लोगों का दुख दर्द जानने के लिए समय ही नहीं था। अब अनुराग को हमीरपुर के लोगों की याद आई। भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में हरोली के लिए स्वीकृत योजनाओं को भी यहां से शिफ्ट किया। लेकिन कांग्रेस सरकार ने हरोली के लिए नई योजनाएं स्वीकृत कराईं। इस मौके पर हरोली के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राणा रणजीत सिंह, अशोक ठाकुर, यूथ कांग्रेस हरोली के अध्यक्ष नक्षत्र सिंह, युकां कार्यकर्ता संजीव कुमार, नरेंद्र ठाकुर, अरविंद, राकेश कुमार, राजीव शर्मा, रमेश राणा, विनय कुमार, पिंकू, कमल और रणवीर समेत कई मौजूद रहे।

Related posts