झज्जाकोठी स्कूल ने जीता कबड्डी का खिताब

तीसा (चंबा)। प्राइमरी स्कूल झज्जाकोठी में जोनल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हो गई है। इसमें बीडीसी सदस्य इमानो बेगम ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इसमें एक जोन के चार सेंटरों के 20 के करीब स्कूलों के दो सौ से अधिक विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का आगाज स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर किया। मुख्य अतिथि ने इस अवसर पर कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद प्रतियोगिताओं में भाग लेना चाहिए। प्रतियोगिता के पहले दिन कबड्डी के मुकाबले खेले गए। इसमें कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला झज्जाकोठी और देहग्रां के बीच हुआ। इसमें झज्जाकोठी स्कूल विजयी रहा। छात्रा वर्ग में भी झज्जाकोठी स्कूल ने बगोड़ी स्कूल को पटखनी देकर विजेता ट्राफी पर कब्जा जमाया। सीएचटी देहग्रां शेरदीन ने बताया कि प्रतियोगिता के आयोजन के लिए पूरी तैयारियां की गई हैं। इस मौके पर शिक्षक देवी सिंह, भूपेंद्र सिंह जरयाल, लेख राज और दुनी चंद मौजूद रहे।
बाक्स
खेलों में चार स्कूल नदारद
सनवाल सेंटर के चार स्कूलों के बच्चे खेलकूद प्रतियोगिता में नहीं भाग ले रहे हैं। बताया जा रहा है कि इन स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी चली रही है। इसके चलते स्कूल के बच्चे प्रतियोगिता में हिस्सा लेने नहीं आ पाए। झज्जाकोठी स्कूल के सीएचटी देसराज ने माना कि शिक्षकों की कमी के चलते चार स्कूलों के बच्चे प्रतियोगिता में भाग नहीं ले रहे हैं।

Related posts