ज्यूरी से श्रद्धालुओं का जत्था श्रीखंड के लिए रवाना

ज्यूरी (शिमला)। क्षेत्र के उन्नू महादेव से सौ लोगों का एक जत्था बुधवार को श्रीखंड महादेव यात्रा के लिए रवाना हो गया। देश भर से आए इन श्रद्धालुओं में छह महिलाएं भी शामिल हैं। उन्नू महादेव के महंत बाबा मस्तगिरि ने झंडी दिखा कर श्रद्धालुओं को श्रीखंड के लिए रवाना किया।
सभी लोग उन्नू महादेव से आशीर्वाद लेने के बाद अपने वाहनों में सवार होकर फांचा के लिए रवाना हुए। इसके बाद श्रद्धालुओं को आगे का रास्ता पैदल तय करना है। बाबा मस्तगिरि ने बताया कि इस जत्थे में सबसे अधिक महाराष्ट्र से 35 लोग गए हैं। जबकि गुजरात से 10, दिल्ली से 10, यूपी से 07 और अन्य स्थानीय लोग शामिल हैं। इसके अलावा सामान उठाने वाले बीस नेपाली लोग भी श्रद्धालुओं के साथ श्रीखंड रवाना हुए। उन्होंने बताया कि सभी श्रद्धालुओं का रास्ते में रहने और खाने का निशुल्क प्रबंध किया गया है। पवित्र छड़ी यात्रा 19 जुलाई को ज्यूरी के उन्नू महादेव से श्रीखंड के लिए रवाना होगी। आज इस अवसर पर ज्यूरी पंचायत के पूर्व प्रधान सोहन लाल वर्मा, चंद्र प्रकाश शर्मा, कांता नेगी नरेश सुनेल सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Related posts