जैविक खेती को बढ़ावा देगी सरकार : हरक

भिकियासैंण। चौकोट महोत्सव का उद्घाटन करते हुए कृषि मंत्री हरक सिंह रावत ने कहा कि सल्ट और स्याल्दे विकास खंडों को जैविक खेती के लिए विकसित किया जाएगा। उन्होंने स्याल्दे में तहसील बनाने की घोषणा की। स्याल्दे में किसान सूचना केंद्र और कैहड़ गांव में कृषि अनुसंधान प्रसार केंद्र का भी रावत ने उद्घाटन किया।
म्यर चौकोट सामाजिक विकास संस्था के तत्वावधान में स्याल्दे में आयोजित चौकोट महोत्सव में कृषि मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने पारंपरिक खेती के बजाए जैविक खेती अपनाने पर जोर दिया। स्याल्दे और सल्ट ब्लाक में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए महिला मंगल दलों का सहयोग लिया जाएगा। 75 करोड़ की लागत से अल्मोड़ा में मेडिकल कालेज, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में पांच नर्सिंग होम का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। द्वाराहाट के विधायक मदन बिष्ट ने भी क्षेत्र के विकास के लिए सहयोग का भरोसा दिलाया। अध्यक्षता करते हुए सल्ट के विधायक सुरेंद्र जीना ने स्याल्दे-केदार-वल्मरा मोटर मार्ग बनाने की मांग की तथा पंतनगर कृषि अनुसंधान द्वारा खोले गए कृषि विज्ञान केंद्र के विकास के लिए सहयोग मांगा। संदेश कला मंच चनोली के कलाकरों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए गए। खीम सिंह रजवार ने अभिनंदन पत्र पढ़ा। इस दौरान प्रमुख राधा रमण, आनसिंह, पूर्व प्रमुख गंगा पंचोली, भगवती रिखाड़ी, कुंवर सिंह कठायत, पान सिंह मावड़ी, देव गिरि गोस्वामी, पूरन मावड़ी, प्रयाग शर्मा, पूरन रजवार, अशोक तिवारी, दर्शन जोशी, देव सिंह नेगी, जेपी जोशी सहित तमाम लोग मौजूद थे। बाद में मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों ने मंत्री को ज्ञापन भी सौंपा।

Related posts