जुम्मे की रात है… पर नाचे दर्शक

चंबा। मिंजर मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या पार्श्व गायक ऐश्वर्य निगम के नाम रही। उन्होंने ‘तुम जो मिल गए’ गीत से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद ‘सुनो ना सुनो सुन लो ना’ ‘ऐ मेरी जोहरा जबी’ ‘मुन्नी बदनाम हुई’ व ‘कितनी मोहब्बत है’ गीत गाकर कार्यक्रम में समा बांधा। इसके अलावा उन्होंने स्पेशल चंबा के लिए तैयार किया गया लोकगीत ‘माए नी मेरिये’ गाया। फिर ‘दरदे दिल’ ‘तेरी गलियों में’ ‘चन्ना वे घर आजा वे’ ‘हाल क्या है दिलों का’ सहित अन्य गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को खूब नचाया। ईद के मौके पर उन्होंने सलमान खान की नई फिल्म किक का गीत ‘जुम्मे की रात है’ गाया। इससे पहले शिमला के गायक हेमंत शर्मा ने कई गीत गाकर उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। मंगलवार को मिंजर मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या का आगाज अवतार एंड पार्टी ने मुसादा गायन से किया। इसके बाद शिव महिमा सांस्कृतिक दल लंगेई द्वारा भी अपनी प्रस्तुति दी गई। इसके अलावा श्याम दर्पण कला मंच चंबा व मांडप कला मंच मंडी के कलाकारों ने प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। इसके बाद शिव कुमार एंड पार्टी ने कुंजड़ी मल्हार कार्यक्रम प्रस्तुत किया। साथ ही एनजेएडसीसी पटियाला के कलाकारों ने पांरपरिक वेशभूषा में सुसज्जित होकर कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति दी।

आज एनजेडसीसी और स्थानीय कलाकार देंगे प्रस्तुति
मिंजर मेले की चौथी सांस्कृतिक संध्या में लोक कलाकार व नॉर्थ जोन कल्चर सेंटर पटियाला के कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। एनजेडसीसी की ओर से गुजरात, महाराष्ट्र, गोआ व राजस्थान के नृत्य व गीत प्रस्तुत किए जाएंगे।

Related posts