
आनी (कुल्लू)। क्षेत्र की तलुणा पंचायत में बिजली के बल्ब जुगनू की तरह जल रहे है। लोग परेशान हैं और इसका असर स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। कुछ समय में बच्चों की वार्षिक परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं। हालांकि, लोगों ने इस बारे में कई दफा इस बारे में बिजली बोर्ड से शिकायत भी की, लेकिन समस्या दूर नहीं हो सकी है। पंचायत तलुणा के तलुणा, दोगरी, दशोग, मातल सहित करीब एक दर्जन गांव में एक साल से भी अधिक समय से लो वोल्टेज की समस्या लोगों की परेशानी का कारण बनी हुई है। उगम राम, उतम, चमन का कहना है कि शाम के वक्त रोशनी की जरूरत होती है, लेकिन उस समय बल्ब जुगनू की तरह जलते हैं। लोगों का कहना है कि लो वोल्टेज के कारण महिलाओं को घरेलू कार्यों को निपटाने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घरों में टीवी, फ्रिज सहित बिजली के अन्य उपकरण भी काम नहीं करते। इधर, इस बारे में बिजली बोर्ड के अधिशाषी अभियंता एके तिवारी ने बताया कि तलुणा पंचायत के लिए एक अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने के लिए जल्द ही टेंडर लगवाने के मुख्य कार्यालय से आदेश आ चुके है। क्षेत्र के लोगों की परेशानियों को जल्द दूर कर दिया जाएगा।
