जीवन हत्या मामले में आटो चालक गिरफ्तार

जोगिंद्रनगर (मंडी)। बैजनाथ के घरथोली गांव निवासी जीवन कुमार हत्याकांड में गत रात्रि पुलिस ने घरथोली गांव से आटो चालक 37 वर्षीय विनोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने विनोद कुमार को बुधवार को अतिरिक्त न्यायिक दंडाधिकारी जोगिंद्रनगर युद्धविंदर सिंह की अदालत में पेश किया, जहां से आरोपी को 10 दिसंबर तक पुलिस रिमांड में भेज दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि 29 नवंबर को जोगिंद्रनगर उपमंडल के लडभड़ोल के गांव सोनपुर गांव के करीब गृहपट्ट जंगल में जीवन कुमार का अधजला शव बरामद हुआ था। पुलिस ने धारा 302 और 201 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी थी। पुलिस ने मृतक जीवन कुमार के घर पर ही खून से लथपथ बिस्तर का गद्दा और तलाई पर मिले खून के निशान के आधार पर हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी कृष्णा देवी को गिरफ्तार कर लिया था। जीवन कुमार हत्याकांड की जांच में जुटी पुलिस ने गत रात्रि आटो चालक विनोद कुमार को गिरफ्तार कर अपनी तफ्तीश तेज कर दी है। पुलिस को संदेह है कि इस हत्याकांड में अभी कुछ आरोपी और पकड़े जाने की संभावना है। पुलिस ने कहा कि मृतक की पत्नी ने अपना गुनाह मानते हुए बयान दिया है कि उसने अपने पति को गिलास मारा था, जिससे उसकी मौत हो गई तथा विनोद कुमार शव आटो में डाल कर जंगल तक ले गया। वहां वह शव को जला कर मौके से भाग गया। पुलिस आरोपी कृष्णा देवी व विनोद कुमार से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर ने हत्या मामले में आटो चालक विनोद कुमार को गिरफ्तार करने की पुष्टि की है।

Related posts