
पांगी (चंबा)। उपमंडल मुख्यालय किलाड़ से चंबा के लिए सवारियां लेकर जा रही एक बोलेरो गाड़ी यहां से करीब 20 किमी. दूर बगोटू के पास अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इसके चलते इसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज के लिए किलाड़ स्थित अस्पताल में भर्ती किया गया है। यह दुर्घटना बुधवार को दोपहर करीब एक बजे तब हुई जब बोलेरो गाड़ी करीब (नंबर एचपी01सी-0566) आठ लोगों को चंबा ले जा रही थी। इसमें पांगी के गांव मिंदल निवासी महात्म चंद (65) पुत्र सुन्नी राम और फिंडपार गांव के जगत राम (38) पुत्र अमर नाथ की मौत हो गई। घायलों में रुतली देवी पत्नी श्रीराम, सोरभी पुत्र प्रेम सिंह व फुल देई पत्नी महात्म चंद शामिल हैं। उधर, घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम पांगी चिरंजी लाल चौहान ने मौके पर पहुंच कर राहत कार्यों का जायजा लिया और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। एसडीएम ने बताया कि प्रशासन की तरफ से मृतकों के परिजनों को दस-दस हजार रुपये और घायलों को पांच-पांच हजार रुपये की फौरी राहत राशि जारी की गई है। पांगी के दौर पर आए वन मंत्री एवं स्थानीय विधायक ठाकुर सिंह भरमौरी ने अस्पताल में जाकर घायलों का कुशल क्षेम पूछा और अस्पताल प्रशासन को उनके इलाज के लिए हर संभव सहायता देने के निर्देश दिए। उन्होंने मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए इस दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है। उधर, डीएसपी हैडक्वार्टर चंबा जितेंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मुकदमा दर्ज करके मामले की छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में मारे गए दोनों व्यक्तियों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
