
चंबा। हर गांव की कहानी में सम्मिलित ऐतिहासिक साहो गांव को जाने वाले मुख्य सड़क मार्ग को चौड़ा करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने कमर कस ली है। विभाग ने चंबा-साहो व चंबा- सिल्लाघ्राट मार्ग के अंधे व संकरे मोड़ों को चौड़ा करने का कार्य शुरू कर दिया है। मार्ग की दशा सुधारने के लिए विभाग ने 20 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। विभागीय मशीनरी व विभागीय मजदरों ने सड़क मार्ग को चौड़ा करने का कार्य शुरू कर दिया है। मार्ग पर वाहनों की आवाजाही और लोगों की मांग को देखते हुए पीडब्ल्यूडी ने बजट पारित कर मार्ग की सुध लेनी शुरू कर दी है। विभाग का कहना है कि हर संभव स्थान पर मार्ग को डबल लेन किया जाएगा। इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही काफी रहती है। साहो, कीड़ी, भाला, परोथा, रजिंडू की ओर जाने वाले वाहन इसी मार्ग से होकर जाते हैं। इसके साथ ही जिला मुख्यालय से सबसे ज्यादा बसें भी चंबा-साहो मार्ग पर ही चलती हैं। कई जगह मार्ग चौड़ा न होने के चलते वाहन चालकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। वाहनों को पास देने के लिए भी वाहनों को पीछे हटाना बहुत बार कठिन हो जाता है। विभाग ने लोगों की मांग को मद्देनजर रखते हुए समस्त औपचारिकताएं पूर्ण कर ली हैं। विभाग ने इन दिनों को मार्ग को चौड़ा करने का कार्य लुड़ेरा नामक स्थान से आरंभ कर दिया है। जेसीबी के साथ विभागीय मजूदरों को कार्य पर लगाया गया है। उधर, लोक निर्माण विभाग चंबा मंडल के एसडीओ जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि मार्ग को चौड़ा करने के लिए 20 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। विभागीय लेबर को हर संभव स्थल पर मार्ग को चौड़ा करने के आदेश दिए गए हैं। इन दिनों कार्य युद्धस्तर पर चला हुआ है। एसडीओ ने बताया कि मार्ग पर दो किलोमीटर सड़क पर तारकोल बिछाई जा रही है। उन्होंने बताया कि फुलणुटाला से लुडेरा तक तारकोल बिछाने का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इस पर करीब 15 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
