जिले में डेढ़ दर्जन मार्ग अवरुद्ध

मंडी। दो दिन से जिले में जारी भारी वर्षा तथा बर्फबारी के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश से जिलो भर में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे लोग अपने घरों में दुबक गए हैं। वहीं मंगलवार को खत्म हो रही स्कूलों की छुट्टियां जिला प्रशासन ने मौसम की खराबी के चलते आठ फरवरी तक बढ़ा दी हैं। खराब मौसम के चलते अनेक मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। सराज, चौहारघाटी और करसोग क्षेत्र की ऊंची चोटियों पर नौ से तीस सेंटीमीटर तक बर्फबारी होने का समाचार है। जिले की ऊंची चोटियों शिकारी देवी, पराशर, कमरूनाग, भूभू जोत, फुंगणी जोत, बालीचौकी क्षेत्र के थाची, कलहणी, गाडागुसैणी, बागाचनोगी सराजघाटी आदि में भारी बर्फबारी हुई है, जिससे इन क्षेत्रों का आवागमन अवरुद्ध हो गया है। सराजघाटी में शिल्हीबागी-बागाचनोगी-च्यूणी मार्ग पर यातायात ठप है। उत्तरसाल क्षेत्र के कांढी में भारी बर्फबारी के चलते मंडी-कुल्लू वाया कांढी कटौला मार्ग अवरुद्ध हो गया है। चौहारघाटी को जोड़ने वाला बरोट-घटासनी मुख्यमार्ग भी यातायात के लिए बंद है। इस मार्ग पर रोलंग नाला के पास ल्हासा गिरने से वाहनों की आवाजाही ठप है। वहीं बरोट-मयोट, लोहारडी मार्ग भी बंद हैं। इधर, धर्मपुर क्षेत्र के करीब एक दर्जन संपर्क मार्ग लगातार बारिश के चलते बंद हो गए हैं। इनमें धर्मपुर -सक्रेहड़, मढ़ी वाया भरतपुर, धर्मपुर-कोट, सरी, शेरपुर, पैहड़ वाया कौंसल, बरोटी वाया सरसकान, तड़ा-रखेहड़ा, लंगेहड़, झरेहड़ा आदि मार्ग यातायात के लिए अवरुद्ध है। बर्फबारी और बारिश से जन जीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है।

Related posts