
चंबा। जिला के डेढ़ दर्जन के करीब स्कूलों में आईटी शिक्षा शुरू नहीं हो पाई है। इस कारण संबंधित स्कूल के छात्र-छात्राओं को आईटी शिक्षा से वंचित रहना पड़ रहा है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक सरकार की ओर से जिला के सभी सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में आइटी शिक्षा शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए एक कंपनी के माध्यम से अध्यापकों की नियुक्ति के लिए साक्षात्कार भी हो चुका है, लेकिन आईटी शिक्षा को शुरू नहीं किया गया है। मौजूदा समय में पूरे जिला में 91 के करीब सीनियर सेकेंडरी स्कूल चल रहे हैं। इसमें से 75 के करीब स्कूलों में आईटी शिक्षा को शुरू कर दिया गया है। 16 स्कूलों में अभी तक आईटी शिक्षा शुरू नहीं हो पाई है। शिक्षा खंड पांगी के चार स्कूल व 12 स्कूल तीसा, सलूणी और भरमौर के शामिल है। सूत्रों की मानें तो तीसा, भरमौर, सलूणी व पांगी के कुछ स्कूलों में बिजली की व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा आईटी शिक्षा के लिए उपकरण भी उपलब्ध नहीं हो पाए हैं। इस कारण इन स्कूलों में आईटी शिक्षा को शुरू नहीं कि या गया है। स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं के अभाव के कारण संबंधित स्कूल के छात्र-छात्राआें को आईटी शिक्षा से वंचित रहना पड़ रहा है। इस संदर्भ में शिक्षा विभाग के नोडल आफिसर अजय चौहान ने बताया कि जिला के 75 के करीब स्कूलों में आईटी शिक्षा को शुरू कर दिया गया है। इन स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती भी कर दी गई है। जिन स्कूलों में कंप्यूटर नहीं पहुंचे हैं, वहां पर जल्द कंप्यूटर मुहैया करवा दिए जाएंगे। यहां जल्द आईटी शिक्षा को शुरू कर दिया जाएगा।
