
चंबा। चुराह विस क्षेत्र के तहत जसौरगढ़ इलाके में आधा दर्जन के करीब स्कूल फर्जी तरीके से चल रहे हैं। इन स्कूलों को बोर्ड की ओर से कोई मान्यता नहीं दी गई है। शिक्षा विभाग ने ऐसे स्कूलों को नोटिस जारी कर दिए हैं। दो दिन के भीतर स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश जारी किए हैं। इन स्कूलों को हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से मान्यता प्रदान नहीं की गई है। शिक्षा विभाग की ओर से ऐसे प्राइवेट स्कूलों को दो दिन के भीतर एनओसी प्राप्त करने को कहा गया है। ऐसा न करने पर विभाग की ओर से कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कई जगह तो एक स्कूल के नाम पर कई स्कूल चलाए गए हैं। शिक्षा विभाग ने ऐसे स्कूलों का पता लगाना शुरू कर दिया है। इस संदर्भ में प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सुशील पुंडीर ने बताया कि बिना मान्यता चल रहे आधा दर्जन के करीब प्राइवेट स्कूलों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने ऐसे स्कूलों के प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि दो दिन के भीतर शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय में पहुंच कर स्थिति स्पष्ट करें। ऐसा न करने की सूरत में स्कूलों को बंद करवा दिया जाएगा। बिना शिक्षा विभाग की एनओसी के स्कूल चलाने वालों को शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
