कामगारों ने प्रोजेक्ट के खिलाफ बोला हल्ला

तीसा (चंबा)। ग्राम पंचायत बैरागढ़, सत्यास और गुईला पंचायत में चल रहे मिनी प्रोजेक्ट सिमरन 81,82,83 के खिलाफ कामगार लामबंद हो गए हैं। मांगें मनवाने को कामगारों ने काम बंद कर दिया है। मजदूरों ने इंटक के बैनर तले रैली निकाली। इस दौरान उन्होंने प्रोजैक्ट प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारे लगाए। इंटक के प्रधान सुरेंद्र कुमार, उपप्रधान कमलेश, सचिव नौरंग, कोषाध्यक्ष मोहम्मद रफी, साहब सिंह, राजकुमार ने बताया कि वे छह साल से प्रोजेक्ट में काम कर रहे हैं, लेकिन प्रोजेक्ट प्रबंधन की ओर से उनका शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज तक न तो उन्हेें नियुक्ति पत्र जारी किया गया है और न ही आईकार्ड मिला है। इसके अलावा सैलरी स्लिप भी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि छह साल से उनके वेतन में वृद्धि नहीं हो पाई है। परियोजना प्रबंधन बार-बार आश्वासनों की घुटी पिलाकर परियोजना प्रभावितों को गुमराह कर रहा है। जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता वह हड़ताल पर डटे रहेंगे। इस संदर्भ में परियोजना प्रबंधक सतीश सिंह ने बताया कि सोमवार को बैठक रखी गई है। इसके प्रभावितों की मांगों पर चर्चा की जाएगी।

Related posts