
कराची: पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के आवास के बाहर स्थित सड़कें आज उस वक्त युद्ध के मैदान में बदल गई, जब आवास के बाहर लगे सुरक्षा अवरोधक को लेकर पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी और पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई।
क्रिकेटर से नेता बने इमरान खान नीत पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के कार्यकर्ता कल जरदारी के आवास बिलावल हाउस के बाहर एकत्र होकर इसके चारों ओर स्थित सुरक्षा दीवार को गिराने की मांग करने लगे। 50 फुट उंची दीवार को सितंबर में सिंध उच्च न्यायालय ने अवैध घोषित कर दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने अक्तूबर में फैसले को बरकरार रखा था।
स्थानीय प्रशासन ने बंद रखी गई सड़क के एक हिस्से को खोलकर उन्हें शांत करने की कोशिश की। स्थिति ने उस वक्त उग्र रूप धारण कर लिया, जब पीपीपी कार्यकर्ताओं ने दीवार बचाने की कोशिश की जिन्हें वे अपने नेता जरदारी एवं उनके बेटे बिलावल भुट्टो की हिफाजत के लिए आवश्यक समझते हैं। कार्यकर्ताओं को तितर बितर करने के लिए भारी संख्या में पुलिस और अद्र्धसैनिक बलों को बुलाना पड़ा।
