
बीजिंग: चीन के अशांत शिंगजियांग प्रांत में एक थाने पर धारदार हथियार और विस्फोटक लेकर आज हमला करने वाले आठ सशस्त्र हमलावरों को ढेर कर दिया गया। शिंगजियांग की सरकारी वेबसाइट के मुताबिक, शेचे काउंटी में हुई इस घटना में शामिल एक हमलावर को पकड़ लिया गया है। इस जगह पर मुख्य रूप से रहने वाला मुस्लिम उईघर सबसे बड़ा जातीय समूह है।
बेवसाइट ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है कि घटना में कोई पुलिसकर्मी हताहत हुए हैं अथवा नहीं और बताया है कि अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। उईघुर भाषा में इस इलाके को यारकंद के रूप में जाना जाता है। अधिकारियों ने बताया कि इस साल इस विशाल और संसाधन संपन्न क्षेत्र में हुए इस तरह के हमलों के लिए आतंकवादी जिम्मेदार हैं।
