जय राम सरकार ने पेश किया आर्थिक सवेक्षण, प्रति व्यक्ति आय दो लाख, विकास दर 8.3 प्रतिशत रहने का अनुमान

जय राम सरकार ने पेश किया आर्थिक सवेक्षण, प्रति व्यक्ति आय दो लाख, विकास दर 8.3 प्रतिशत रहने का अनुमान

शिमला
हिमाचल प्रदेश की विकास दर 8.3 प्रतिशत रहने का अनुमान है। आर्थिक सर्वेक्षण पेश करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह दी जानकारी।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा में गुरुवार को प्रश्नकाल के शुरू होने से पहले ही विपक्ष ने सदन में हंगामा कर दिया। कांग्रेस विधायक दल ने सदन में स्थगन प्रस्ताव को नामंजूर करने पर सदन में नारेबाजी की और कांग्रेस विधायक सरकार पर कर्मचारियों से अलोकतांत्रिक व्यवहार करने का मुद्दा उठाते हुए वेल में चले गए। नारेबाजी के बीच ही स्पीकर ने सदन में प्रश्नकाल शुरू किया। सत्तापक्ष के विधायक ही इस बीच शोर-शराबे के बीच सवाल पूछते रहे, मंत्री इन्हीं के सवालों का जवाब देते रहे। 11 बजकर 17 मिनट पर विपक्ष ने वाकआउट कर दिया।

प्रश्नकाल शुरू होने से पहले किन्नौर के कांग्रेस विधायक जगत सिंह नेगी ने न्यू पेंशन स्कीम कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम की बहाली के मसले को उठाया। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने विपक्ष के काम रोको प्रस्ताव को स्वीकार न करने पर आपत्ति जताई। वे इस पर चर्चा करवाने पर अड़े रहे। इस प्रस्ताव की नामंजूरी पर विपक्ष के सदस्यों ने सदन में सरकार के खिलाफ नारे लगाए।

इस बीच स्पीकर विपिन सिंह परमार ने कहा कि विपक्ष के विधायकों की ओर से एक स्थगन प्रस्ताव की सूचना मिली है। इस विषय पर विधायक रामलाल ठाकुर, आशा कुमारी आदि की ओर से प्रश्न लगाए गए हैं। ऐसे में इस स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा करने का कोई औचित्य नहीं है। इसे खारिज किया जाता है। स्पीकर के संबोधन के बीच ही विपक्ष के सदस्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वेल में चले गए। यह हंगामा प्रश्नकाल के बीच चला रहा। इसके बाद विपक्ष ने सदन से वाकआउट कर लिया। माकपा विधायक राकेश सिंघा ने भी विपक्ष के साथ वाकआउट किया। उन्होंने कहा कि इस सरकार का वह हश्र होगा जो शांत सरकार का हुआ। जनता तो तैयार बैठी है।

आउटसोर्स होने वाली है कांग्रेस
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सदन छोड़कर विपक्ष ने बहुत बड़ा काम नहीं किया है। कर्मचारियों के लिए वर्तमान सरकार संवेदनशील है। पंजाब के नए स्केल के आने के बाद सरकार ने वह सब कुछ किया है, जो संभव है। कांग्रेस में नेतृत्व का संकट है। इससे इसी बात के सबूत मिले हैं। सीपीएम वाले इन्हें बता रहे थे कि कैसे नारेबाजी करनी है। इन्होंने अपनी पार्टी सीपीएम को आउटसोर्स कर दी है। देश में पूरी कांग्रेस पार्टी ही आउटसोर्स होने वाली है। सीएम ने सदन में कर्मचारियों से भी अपील की कि वे अपनी मांग को शांतिपूर्वक तरीके से रखें।

विकास दर 8.3 प्रतिशत रहने का अनुमान
हिमाचल प्रदेश की विकास दर 2021-22 में 8.3 प्रतिशत रहने का अनुमान है जोकि पिछले वर्ष 2020-21 में माइनस 5.2 प्रतिशत थी। आर्थिक सर्वेक्षण पेश करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह दी जानकारी। राज्य का सकल घरेलू उत्पाद 2021-21 में 1 लाख 56 हजार 675 करोड़ रुपये से बढ़कर 2021-22 में अग्रिम अनुमानों के अनुसार 1 लाख 75 हजार 173 करोड़ रुपये होने की संभावना है। प्रति व्यक्ति आय 2020-21 में 1 लाख 83 हजार 333 रुपये से बढ़कर 2021-22 में 10.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ दो लाख 01 हजार 854 रुपये तक पहुंचना अनुमानित है। वर्ष 2021-22 के दौरान कृषि क्षेत्र में वृद्धि दर 8.7 प्रतिशत, विनिर्माण क्षेत्र में 11.3 प्रतिशत, निर्माण क्षेत्र में 13.3 प्रतिशत, व्यापार, होटल, रेस्तरां इत्यादि में 9.1 प्रतिशत की वृद्धि दर अनुमानित है।

खारकीव में फंसे बच्चों को सुरक्षित लाने का प्रयास कर रही सरकार
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यूक्रेन में हिमाचलियों के फंसे होने पर कहा कि वहां रह रहे 198 छात्र कुशल वापस पहुंच गए हैं। अभी भी 249 यूक्रेन या समीपवर्ती देशों में फंसे है। 53 बच्चे खारकीव में फंसे हैं। 163 बच्चों से संपर्क स्थापित हो गया है। अधिकारी इन बच्चों के परिवारों से मिल रहे हैं। फंसे 86 बच्चों से भी संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। चार केंद्रीय मंत्री पड़ोसी देशों में गए हैं। सकुशल वापसी का प्रयास कर रहे हैं।

सरकार लगातार केंद्र के संपर्क में हैं। जो भी इनपुट बच्चों या अभिभावकों से मिल रहा है, इस बारे में कम्युनिकेट कर रहे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी संवेदनशील होकर प्रबंध कर रहे हैं। कांग्रेस विधायक आशा कुमारी ने कहा कि बॉर्डर से निकलने का बाद नहीं, खारकीव, सूमी और कीव में फंसे बच्चों को लाया जाए। जो लाए जा रहे हैं, वे वही हैं जो बॉर्डर पार कर चुके हैं। सीएम ने कहा कि इस बारे में भी ज़रूरी प्रयास होंगे।

विधायकों को नहीं मिल रहे कमरे: मोहन लाल ब्राक्टा
गुरुवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा में प्राइवेट मेंबर्स डे पर बदलते परिवेश में विधायकों की भूमिका पर चर्चा की गई। सदन में यह प्रस्ताव किन्नौर के कांग्रेस विधायक जगत सिंह नेगी ने लाया। रोहड़ू के कांग्रेस विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने कहा कि हिमाचल भवन चंडीगढ़ और दिल्ली में विधायकों को कमरे नहीं मिलते हैं। अफसरों के बच्चे वहां कई-कई दिन से ठहरे होते हैं। कमरे की कन्फरमेशन भी रात सात बजे होती है। ये दोपहर को 12 बजे होनी चाहिए।

विपक्ष के विधायक के काम रोके जा रहे हैं: भवानी सिंह पठानिया
कांग्रेस विधायक भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि विपक्ष के विधायक के काम रोके जा रहे हैं, यह मानकर कि कहीं श्रेय उन्हें न मिल जाए। चुने हुए और गैर चुने हुए का फर्क समझ आना चाहिए। चुने हुए प्रतिनिधियों की उपेक्षा कर हम गलत परंपरा बना रहे हैं।

अधिकारी बैठकों में नहीं आते: इंद्रदत्त लखनपाल
कांग्रेस विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में अधिकारी बैठकों में नहीं आते हैं। वे कहते हैं कि कृपा करके उन्हें न बुलाएं। टारगेट न करवाएं। चिट बनाकर भेजा जाए, काम हो जाएगा। बाबा बालकनाथ ट्रस्ट में विधायक को नहीं बुलाया जाता।

विधायक को निजी सचिव और चालक दें: लखविंदर सिंह राणा
नालागढ़ के विधायक लखविंदर सिंह राणा ने कहा कि बहुत से विधायक ऐसे हैं जो खुद ही सारे काम करते हैं। उन्हें निजी सचिव और चालक दिए जाने चाहिए। बहुत से क्षेत्र ऐसे हैं, जहां पर विधायकों का पैसा खर्च नहीं होता। पंचायत प्रधान सदुपयोग न करें तो कार्रवाई करें। उपायुक्त जो पैसे देते हैं, उसमें भी विधायक को प्राथमिकता देनी चाहिए। सोलन के कांग्रेस विधायक धनीराम शांडिल ने कहा कि विधायकों की संस्था को भी प्रभावी बनाएं। वह अपने काम को तभी ठीक से करेगा, जब उसका सम्मान होगा।

विधायकों का प्रोटोकॉल तय करें: सुक्खू
नादौन के कांग्रेस विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि आज जहां सीएम हैं, कल वहां कोई और होगा। विधायकों का प्रोटोकॉल तय करें। विधायकों के लिए तहसील में कार्यालय खुले, विधायक विश्राम गृह में बैठते हैं। जब विधायक बन जाते हैं। हम बुरे आदमी हैं। हर साल विधायकों की संपत्ति सार्वजनिक हो। इसके लिए वेबसाइट बनाएं। उसमें यह स्पष्ट हो कि कहां से कमाई की गई है। इससे विधायकों के काम में पारदर्शिता रहेगी।

स्पीकर बोले- हिंदी में बात करें
ऊना के कांग्रेस विधायक सतपाल सिंह रायजादा ने पंजाबी में अपनी बात करनी चाही तो इस पर विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार बोले- हमारे पास ट्रांसलेटर नहीं है। हिंदी में बात करें।

Related posts