
शिमला
मंत्रिमंडल के रिक्त पदों को भरने के बाद अब मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की सरकार ने हिमाचल के निगम बोर्ड के अध्यक्ष उपाध्यक्ष की नियुक्ति की कवायद शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने चार निगम बोर्ड से संबंधित फाइल मंगवाई हैं। इनमें राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और बीस सूत्रीय कार्यक्रम में अध्यक्ष तथा हिमाचल प्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण व पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष के पदों पर नियुक्ति होनी है। हाल ही में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप की पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से हुई मुलाकात के बाद माना जा रहा है कि जल्द ही इन पदों के लिए नामों का एलान हो सकता है। दरअसल, सरकार के गठन बाद से मंत्रिमंडल में जगह न पाने वाले तलबगारों ने निगम बोर्ड में अध्यक्ष उपाध्यक्ष की कुर्सी पाने के लिए हाथ पांव मारना शुरू कर दिया था।
लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी नेता सतपाल सिंह सत्ती के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद से हटते ही महत्वपूर्ण निगम-बोर्ड में नियुक्ति की संभावनाएं शुरू हुई लेकिन उप चुनाव और पार्टी के अंदर के असंतोष व धड़ेबाजी को थामने के लिए सरकार ने नियुक्ति के विचार को फिर टाल दिया। उप चुनाव में जीत के बाद भी सरकार करीब सालभर से नियुक्ति के लिए चयन को लेकर हिम्मत नहीं जुटा पा रही थी। लेकिन मंत्रिमंडल में कुछ के जगह पाने और केंद्रीय नेतृत्व की हरी झंडी के बाद अब सरकार ने फिर से नियुक्ति को लेकर कवायद शुरू की है। सूत्रों का कहना है कि वैसे तो प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए बाकायदा आवेदन तक मांगे गए लेकिन अब सरकार अपने चहेते को नियुक्त करने की तैयारी में है।
इसके अलावा बीस सूत्रीय कार्यक्रम, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और पर्यटन विकास निगम में भी राजनीतिक नियुक्ति की कवायद शुरू हो गई है। सूत्रों का कहना है कि पार्टी से चर्चा के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय ने चारों निगम बोर्ड की संबंधित फाइल तलब की है। माना जा रहा है कि जल्द ही चार नेताओं को सौगात मिल सकती है। वहीं, मुख्यमंत्री कार्यालय में अगर कोई बदलाव हुआ तो पांच लोगों नए चेहरों को अलग अलग दायित्व मिल सकते हैं। फिलहाल जिन लोगों के नाम की चर्चा नियुक्ति को लेकर हो रही है उनमें सतपाल सिंह सत्ती के अलावा, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले रतन पाल सिंह, रणधीर शर्मा, हमीरपुर से विनोद ठाकुर, संदीपनी भारद्वाज सरीखे कई नेताओं के नाम शामिल हैं।
