जयराम सरकार औद्योगिक घरानों को सुविधा प्रदान करेगी

शिमला
सीएम जयराम ने वीडियो कांफ्रेंसिंग
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक घरानों को बद्दी, बरोटीवाला और नालागढ़ क्षेत्र में उत्पादन आरंभ करने के लिए सुविधा प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने बुधवार को शिमला में बद्दी, बरोटीवाला और नालागढ़ औद्योगिक एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग से संवाद के दौरान यह भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कुल 370 फार्मा उद्योगों में से 250 ने अपने उत्पादन फिर से शुरू कर दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रम शक्ति की आवाजाही को सुचारु रूप से बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठा रही है। उद्योगों के लिए कच्चे माल की जरूरत और तैयार माल की सप्लाई को सुदृढ़ किया जा रहा है। उद्योगों को माल ढुलाई के लिए पर्याप्त मात्रा में ट्रक उपलब्ध करवाए जाएंगे। कपड़ा उद्योग के इस क्षेत्र में बड़ी मात्रा में श्रम शक्ति को रोजगार दिए जा रहे हैं, उन्हें स्थानीय श्रमिकों को नियुक्त करने के अन्य विकल्प खोजने चाहिए, ताकि उनका संचालन सुचारु रूप से चल सके।

ठाकुर ने कहा कि सभी औद्योगिक घरानों को औद्योगिक इकाइयों के स्वत: विस्तार के लिए विभिन्न स्वीकृतियां दी जाएंगी। ईएसआई के तहत पंजीकृत कर्मचारियों को वेतन प्रदान करने के मामले को राज्य सरकार शीघ्र केंद्र सरकार के समक्ष उठाएगी। मुख्यमंत्री ने एसोसिएशन के अपने सामाजिक दायित्व के तहत बद्दी, बरोटीवाला और नालागढ़ क्षेत्र में श्रमिकों को राशन उपलब्ध करवाने के प्रयासों की भी सराहना की।

औद्योगिक एसोसिएशन के प्रधान संजय खुराना ने उद्योगपतियों के विभिन्न मामलों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। मुख्य सचिव अनिल खाची, अतिरिक्त मुख्य सचिव बहुउद्देश्यीय परियोजना एवं ऊर्जा राम सुभग सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव उद्योग मनोज कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुंडू, सचिव पर्यावरण और विज्ञान तकनीकी रजनीश और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts