
पधर (मंडी)। पधर के कटिपरी में जमीनी विवाद के चलते दो परिवारों में आपसी झड़प हो गई। मारपीट के मामले को लेकर दोनों परिवारों की ओर से एक दूसरे के खिलाफ पधर थाने में मारपीट का मामला दर्ज करवाया गया है। पुलिस ने क्रास केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक चौहारघाटी के तरैला गांव के निवासी सोवर सिंह पुत्र जय सिंह ने थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है कि वह कटिपरी गांव में रहता है। रविवार सुबह वह अपने खेतों में काम कर रहा था। इस दौरान कटिपरी गांव की कौशल्या देवी पत्नी स्वर्गीय नाग देव अपनी दो बेटियों और बेटे विनोद कुमार के साथ खेतों में आई और गाली गलौच करते हुए उसके साथ मारपीट की। दूसरी ओर कौशल्या देवी, पत्नी नाग देव ने पुलिस में शिकायत दर्ज की है कि रविवार सुबह वह अपने घर पर थी। उनके बेटे विनोद कुमार ने बताया कि सोवर सिंह उनकी मलकियत भूमि में जबरन कब्जा करते हुए खेतीबाड़ी को अंजाम दे रहा है। इस दौरान वे दोनों बेटियों और बेटे के साथ उसे रोकने गई तो उसने मारपीट की। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। थाना प्रभारी संजीव सूद ने बताया कि पुलिस मामले की तह तक जाएगी। भूमि का मालिक कौन है, मौके पर भूमि की पैमाइश करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मारपीट का मामला जमीनी विवाद से जुड़ा है। जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
