कर्म सबसे बड़ा कल्याणकारी : सुधांशु महाराज

मंडी। विश्व जागृति मिशन की ओर आयोजित तीन दिवसीय भक्ति सत्संग का रविवार को समापन हो गया। सत्संग के अंतिम दिन सुधांशु महाराज ने भक्तों को मंत्र दीक्षा के साथ आशीर्वाद लिया। शहर के पड्डल मैदान में तीन दिन तक चले सत्संग में हजारों लोगों ने भक्ति सागर में डुबकी लगाई।
रविवार को सत्संग में प्रवचन देते हुए सुधांशु महाराज ने कहा कि कर्म सबसे बड़ा कल्याणकारी होता है। मनुष्य को कर्म की राह चलना चाहिए, तभी जीवन में सफलता व सुख मिलता है। उन्होंने कहा कि परिवार के सदस्यों को एकजुट होकर रहना चाहिए। एक-दूसरे के कार्यों में दखलंदाजी नहीं करनी चाहिए। इससे आपस में कलेश बढ़ता है। साथ ही बच्चों को अच्छे संस्कार व खुद कमान की सीख देनी चाहिए।
सुधांशु महाराज ने कहा कि किताबों से ज्ञान नहीं मिलता है। जीवन में ठोकर खाने से ही मनुष्य संभलता है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि ज्यादा लाड़ प्यार बच्चे को लायक नहीं, बल्कि आलसी व नालायक बना देता है। अच्छा होगा कि बच्चों को उनकी जिम्मेवारी का अहसास करवाएं। उन्होंने कहा कि मां-बाप का आशीर्वाद भगवान से भी बढ़ा होता है। सत्संग के दौरान भजन-कीर्तनों से भक्तिमय माहौल बना रहा।
सत्संग के समापन पर सुधांशु महाराज का आशीर्वाद लेने के लिए भक्तों की खासी भीड़ लगी रही। तीन दिवसीय सत्संग में प्रदेश के अलावा अन्य दूसरों क्षेत्रों से भी भारी संख्या में भक्त मंडी पहुंचे हुए थे।

Related posts