छुल्ला में ढाई मंजिला मकान राख

भल्याणी (कुल्लू)। कुल्लू जिले में आग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। जिलाभर में इस सर्दी में करीब तीन दर्जन मकान जलकर राख हो चुके हैं। इससे लोगों को करोड़ों रुपये की संपत्ति का नुकसान हो गया है। ताजा घटनाक्रम में लगघाटी में एक ढाई मंजिला मकान जलकर राख हो गया। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह लगी अचानक आग में छुल्ला गांव के टेक चंद का मकान देखते ही देखते राख के ढेर में तबदील हो गया। मौके पर पहुंचे लीडिंग फायर मैन ठाकुर दुर्गा राम ने बताया कि दमकल विभाग ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच कर आग पर लोगों के साथ मिलकर काबू पा लिया। आगजनी वाले स्थान के आसपास लाखों की संपत्ति को बचा लिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते पूरा ढाई मंजिला मकान राख के ढेर में तबदील हो गया। मकान के आसपास रखे घास के कोठों ने इसमें घी का काम किया है। घटनास्थल पर पहुंचे लीडिंग फायरमैन ठाकुर दुर्गा राम ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। इस आग की घटना में करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हुई है। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंच कर साथ लगते करीब तीन मकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया है। उन्होंने कहा कि करीब दस लाख की संपत्ति को बचा लिया गया है। एसडीएम डॉ. सुरेश जसवाल ने बताया कि अग्निकांड के प्रभावित परिवारों को राहत राशि दी जा रही है।

Related posts