
चंबा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में सर्वशिक्षा अभियान के तहत एक बैठक का आयोजन किया गया। इसमें प्रारंभिक शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक एमएल आजाद व एसएसए के स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर डीसी राणा विशेष रूप से मौजूद रहे। इसके अलावा प्रारंभिक शिक्षा विभाग के डिप्टी डीईओ ओपी हीर सहित जिला भर के बीआरसी, डाइट के लेक्चरर व बीपीईओ उपस्थित रहे। बैठक के दौरान शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक एमएल आजाद व एसएसए के स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर डीसी राणा ने शिक्षा विभाग के जिला व ब्लॉक अधिकारियों को स्कूलों की मानीटरिंग व निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन स्कूलों में छात्र व छात्राओं के लिए अलग-अलग से शौचालय नहीं है, वहां पर शौचालय का निर्माण करने को कहा। साथ की पेयजल की उचित व्यवस्था बारे में दिशा-निर्देश जारी किए। इस मौके पर सिविल वर्क पर रिव्यू किया गया। इसके अलावा एसएसए व आरएमएसए के तहत होने वाले निर्माण कार्यों व विभिन्न स्कीमों की समीक्षा की गई। इसके अलावा पेडिंग कार्यों को 31 मार्च से पहले पूरा करने के निर्देश जारी किए गए। साथ ही वर्ष 2014-15 में सर्वशिक्षा अभियान व राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत होने वाले कार्यों का खाका तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि जिला के स्कूलों में सेवाएं दे रहे अनट्रेंड शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। आरएमएसए व एसएसए के जिला परियोजना अधिकारी सुमन कुमार मिन्हास ने बताया कि बैठक के दौरान बेस लाइन असेसमेंट सर्वे की रिपोर्ट पर भी चर्चा की गई।
