छात्रा की संदिग्ध मौत मामले में एक धरा

बंगाणा (ऊना)। हमीरपुर की डोडवीं निवासी बीटेक फाइनल की छात्रा पूनम की मौत के रहस्य की परतें खुलनी शुरू हो गई हैं। पुलिस ने मामले में हमीरपुर जिला के एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक के खिलाफ छात्रा को सुसाइड करने को उकसाने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 306 के तहत केस दर्ज कर लिया है। जबकि आगामी छानबीन में जुट गई है।
एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि अवाहदेवी निवासी सामी ठाकुर को सोमवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसएसपी के मुताबिक मृतक युवती के मोबाइल से घटना वाले दिन के सारे एसएमएस और कॉल डिटेल से सामी नामक युवक का नाम सामने आया है। एएसपी ने बताया कि युवती बंगाणा के भलेत में कैसे पहुंची और उसकी आत्महत्या के पीछे क्या कारण रहे हैं? सारी घटना के पीछे के कारणों का पुलिस युवक से पूछताछ कर पता लगाने में जुटी है। एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि मृतका के मोबाइल कॉल डिटेल से पता चला है कि सामी ठाकुर और युवती एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते थे। मौत वाले दिन की पिछली रात डेढ़ बजे से लेकर पूनम की मौत से ठीक पहले तक दोनों की फोन एवं एसएमएस के जरिये कई बार बात भी हुई थी। इसके चलते ही पुलिस सामी तक पहुंचने में कामयाब हुई। एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि सामी ठाकुर के खिलाफ आईपीसी धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस छात्रा के मौत के पूरे तथ्य जुटाने में जुट गई है।

Related posts